राम मंदिर के निर्माण के लिए कितने हजार करोड़ रुपये का चंदा इकट्ठा हुआ? जानते हैं आप
अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण जोर-शोर से चल रहा है।
श्रद्धालुओं को इस बात का इंतजार है कि कब मंदिर का निर्माण पूरा हो और उन्हें रामलला के दर्शन करने को मिले। राम मंदिर का निमार्ण हजारों करोड़ रुपये खर्च कर किया जा रहा है। निर्माण में एक-एक चीज का ध्यान रखा जा रहा है। सैकड़ों कारिगर निर्माण में जुटे हुए हैं। मंदिर की दीवारों पर खास नक्काशी की जा रही है। जाहिर है इसमें बड़ा खर्चा आएगा। इसके लिए मंदिर समिति ने चंदा भी किया।
राम मंदिर के लिए कितना चंदा इकट्ठा हुआ है?
मंदिर समिति के मुताबिक, राम मंदिर के लिए 3,500 करोड़ रुपए इकट्ठा किए गए हैं। इस संबंध में राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं में मंदिर के प्रति आशा और विश्वास था। हमारी ट्रस्ट ने अन्य संस्थाओं से सहायता ली और यह प्रयास किया कि देश के करीब 4 लाख गांवों में एक रसीद लेकर कार्यकर्ता जाएंगे, सभी श्रद्धालुओं से मिलेंगे और उनका चंदा एकत्रित करेंगे। नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि ऐसे भी लोग हैं जिन्होंने 10 करोड़, 50 करोड़ रुपए भी दिए। इस माध्यम से करीब 3,500 करोड़ रुपए एकत्रित हुए हैं।
राम मंदिर कब तक खुलेगा?
राम मंदिर को साल 2024 में श्रद्धालुओं के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है। खबरों के मुताबिक, इस साल के आखिर तक राम मंदिर का गर्भ गृह भी बनकर तैयार हो जाएगा। मंदिर का पहला चरण इस साल 30 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उम्मीद के मुताबिक, काम बेहद तेजी से चल रहा है। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही श्रद्धालुओं को राम मंदिर के दर्शन करने को मिलेंगे।