भदौरा गाज़ीपुर में पेट्रोल पंप के पीछे अज्ञात युवक का शव मिलने पर जांच करती पुलिसगाज़ीपुर के भदौरा में पेट्रोल पंप के पीछे मिले युवक के शव की जांच करती पुलिस टीम

उत्तर प्रदेश के सेवराई तहसील के गहमर थाना क्षेत्र के भदौरा स्थित एक पेट्रोल पंप के पीछे रविवार रात एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

पेट्रोल पंप के पीछे मिला शव, इलाके में हड़कंप

घटना भदौरा इलाके की है, जहां पेट्रोल पंप के पीछे एक युवक का शव पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने जब शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही सेवराई चौकी प्रभारी विपिन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

नशे में होने की आशंका, पोस्टमार्टम से होगा खुलासा

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक पेट्रोल पंप के पीछे चप्पल उतारकर सोया हुआ था। मौके की स्थिति को देखते हुए यह भी अंदेशा जताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में था और अधिक शराब के सेवन के कारण उसकी मौत हो गई।

हालांकि पुलिस का साफ कहना है कि मौत के असली कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पहचान के प्रयास तेज, आसपास के थानों को सूचना

शव की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर मर्चरी भेज दिया है। इसके साथ ही आसपास के थानों को भी सूचना दी गई है, ताकि मृतक की पहचान कराई जा सके।

हर पहलू से जांच, पुलिस ने मांगी लोगों से जानकारी

पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि यदि युवक के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

इस संबंध में गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

(यूपी के गाजीपुर से न्यूज़ नुक्कड़ के लिए इजहार खान की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *