फोटो: न्यूज़ नुक्कड़
उत्तर प्रदेश सरकार भले ही परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत अभी भी व्यवस्था की खामियों को उजागर कर रही है। गाजीपुर जिले के भदौरा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय अंबेडकर नगर नई बस्ती देहवल में शिक्षा की स्थिति बेहद चिंताजनक है। यहां बच्चों को न सिर्फ पढ़ाई बल्कि स्कूल का गेट खोलने और झाड़ू लगाने तक का काम करना पड़ रहा है।
बुधवार सुबह करीब 7:50 बजे जब ग्रामीण और मीडिया प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे तो विद्यालय का मेन गेट बंद मिला। मासूम बच्चे गेट के बाहर किताब-कॉपी लेकर अध्यापकों का इंतजार कर रहे थे। तभी कक्षा 4 का छात्र करण पहुंचा, जिसके पास विद्यालय की चाभी रहती है। उसने गेट खोला और सभी बच्चे अंदर दाखिल हुए। बच्चों ने स्वयं झाड़ू लगाकर कक्षाओं को साफ किया। बच्चों ने बताया कि “मैडम झाड़ू लगाने के लिए कहती हैं।”
करीब 8:30 बजे सहायक अध्यापक सकीबा बानो पहुंचीं और बच्चों से प्रधानाध्यापक कक्ष का ताला खुलवाया। इसके बाद कुछ समय बाद शिक्षामित्र पिंकी जायसवाल भी विद्यालय आईं। तब तक अध्यापकों की कुर्सियां खाली ही पड़ी रहीं। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में करीब 50 छात्र पंजीकृत हैं और उनकी पढ़ाई की जिम्मेदारी दो अध्यापकों और दो शिक्षामित्रों पर है। बावजूद इसके स्कूल समय पर नहीं खुलता और शिक्षक अक्सर 9 बजे के बाद पहुंचते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई का कीमती समय रोजाना बर्बाद हो रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उपस्थिति पंजिका में सभी शिक्षक समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज करते हैं, जबकि वास्तविकता बिल्कुल उलट है। यह स्थिति अब रोजमर्रा की हो गई है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बच्चों के मिड-डे मील (MDM) में गड़बड़ी की जाती है। कई बार बच्चों को भोजन न मिलने पर भूखे पेट घर लौटना पड़ता है। इसके अलावा विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति भी दयनीय है। केंद्र पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्रौपदी देवी अक्सर अनुपस्थित रहती हैं और सहायिका मीरा देवी के भरोसे ही केंद्र चल रहा है।
इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह पटेल ने कहा, “शिकायत मिली है। संबंधित शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”
होली के बाद आपसी मेल-मिलाप और संवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रेस क्लब…
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के सेवराई तहसील क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायत में लाखों से…
उत्तराखंड के टिहरी जिले के घनसाली में बड़ी विकास सौगात दी गई है। घनसाली में…
उत्तराखंड के बागेश्वर के बैजनाथ में 21 दिन की मासूम की मौत का मामला सामने…
उत्तराखंड के चमोली जिले के गोपेश्वर क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म…
उत्तराखंड में चंपावत खड़ी होली महोत्सव का विधिवत आगाज़ हुआ। इस कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य…
This website uses cookies.