बेटे के सीएम बनने पर पुष्कर सिंह धामी की मां ने क्यों कहा आज उनका सपना पूरा हो गया?
पष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के अगले सीएम होंगे। उधम सिंह नगर के नेपाल बॉर्डर से लगी खटीमा विधानसभा से दूसरी बार विधायक बने पुष्कर सिंह धामी के सीएम बनने पर इलाके में खुशी की लहर है।
सीएम बनने के बाद उनके घर समर्थकों का जमावड़ा लगा है। पुष्कर सिंह धामी के सीएम बनने पर पत्नी गीता देवी भी बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि पति के मुख्यमंत्री बनने से पूरा खटीमा क्षेत्र गौरवान्वित हुआ है, साथ ही उन्हें अपने पति पर पूरा भरोसा है कि वो 6 महीने के इस कार्यकाल में ऐसा कार्य करेंगे जिससे खटीमा के साथ-साथ उत्तराखंड का भी नाम रोशन होगा। पुष्कर के सीएम बनने पर गीता देवी ने पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा का शुक्रिया अदा किया है।
प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बने पुष्कर सिंह धामी की मां बिशना देवी ने भी खुशी जताई है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनका जो सपना था वो आज पूरा हो गाय है। उन्होंने कहा कि पति का एक साल पहले निधन हो गया था, उनका भी सपना था कि बेटा एक दिन राज्य का मुख्यमंत्री बने। ये सपना उनकी मृत्यु के बाद पूरा हुआ है।
पुष्कर सिंह धामी का राजनीतिक सफर
पुष्कर सिंह धामी का जन्म पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विकासखंड के हड़खोला गांव में हुआ था। छात्र जीवन में ही उन्होंने राजनीति शुरू कर दी थी। 1994-1995 में विद्यार्थी परिषद की सदस्यता ली। 2001 तत्कालीन मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के ओएसडी भी रहे। साल 2005 में बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष बने। 2010-12 तक शहरी अनुश्रवण परिषद उपाध्यक्ष रहे। इसके बाद साल 2012 में पहली बार विधायक बने। 2013 में बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष बने। साल 2017 दूसरी बार विधायक बने।