उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव की तैयारी में आम आदमी पार्टी जोर-शोर से जुट गई है। पार्टी ने ये तो पहले ही साफ कर दिया था कि वो विधानसभा की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
उसके बाद पार्टी ने 70 विधानसभा सीट पर 140 प्रभारियों को नियुक्त किया। अब पार्टी बूथ लेवल पर खुद को मजबूत कर रही है। इसी कड़ी पार्टी सदस्यता अभियान चला रही है। अल्मोड़ा में पार्टी की तरफ से रविवार को सदस्यता अभियान चलाया गया। इसके तहत कई सदस्यों को पार्टी का मेंबर बनाया गया।
प्रदेश में ‘आप’ का ये है प्लान!
आपको बता दें कि पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री डीके पाल पहले ही कह चुके हैं कि पार्टी अगर सत्ता में आती है तो वो दिल्ली की तरह ही उत्तराखंड में भी पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधाएं सुधारी जाएंगी। आप नेताओं का कहना है कि दिल्ली से उत्तराखंड 200 किलोमीटर दूर है और 30 लाख के करीब उत्तराखंड के लोग दिल्ली में रहते हैं। यहां के लोग वहां रहने वाले अपनों से पता कर सकते हैं कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार कैसा काम कर रही है। पार्टी प्रदेश की दूसरी राजधानी गैरसैण के नज़दीक भी ऑफिस खोलने की तैयारी कर रही है। ताकि पार्टी को हर स्तर पर मजबूत किया जा सके। आपको बता दें कि साल 2022 में उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव होने हैं।
अल्मोड़ा से हरीश भंडारी की रिपोर्ट