उत्तराखंड के कई इलाकों में शनिवार और रविवार को मौसम करवट ले सकता है। बारिश और बर्फबारी के साथ ही बिजली गिरने का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने के भी आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक कई शहरों में गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, तीन हजार मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ भी गिर सकती है। राजधानी देहरादून और उसके आसपास के इलाकों में आंधी और बारिश के साथ ओले गिरने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिग दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। उसके बाद मौसम में सुधार होगा। बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में भी गिरावट आएगी।
केदारनाथ यात्रा के लिए तैयारियां जारी हैं। प्रशासन के दिशा-निर्देश पर यात्रा मैनेजमेंट फोर्स का 60 सदस्यीय दल गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर चरणबद्ध बर्फ सफाई में जुट गया है। शुक्रवार को भीमबली से रामबाड़ा के बीच बर्फ को काटकर रास्ता बनाने का कार्य शुरू किया गया है। आपको बता दें कि यात्रा मैनेजमेंट फोर्ट 44 जवानों समेत 60 सदस्यीय दल बीते एक हफ्ते से भीमबली में डेरा जमाए हुए है। पहले चरण में जंगलचट्टी से भीमबली तक पैदल मार्ग पर जमा हल्की बर्फ को साफ किया गया। दूसरे चरण में शुक्रवार को भीमबली से रामबाड़ा के बीच बर्फ को काटकर रास्ता बनाने का काम शुरू किया गया है।

