उत्तरकाशी: महिलाएं हों तो पटारा गांव जैसी! किया शानदार काम, पुरस्कार से किया गया सम्मानित
उत्तरकाशी के डुंडा ब्लॉक के पटारा गांव की महिलाओं ने पूरे जिले का नाम रोशन किया है। जल संरक्षण के क्षेत्र में शानदार काम करने के लिए महिलाओं को सम्मानित किया गया है।
इन महिलाओं को पर्यावरणीय संस्था अर्थ डे नेटवर्क ने स्टार वुमेन ऑर्गेनाइजेशन के पुरस्कार से नवाजा गया है। अर्थ डे नेटवर्क ने गांव में किए गए जल सरंक्षण के कामों को एक लोकगीत के साथ अपने फेसबुक फेज पर भी शेयर किया है। पटारा गांव की महिलाएं एक संगठन की मदद से बीते दो सालों से क्षेत्र में जल संरक्षण बेहतरीन काम कर रही हैं। महिलाओं ने चाल-खाल बनाकर अपने प्राकृतिक स्रोतों को भी जीवित किया है।
हिम पटारा ग्राम संगठन की महिलाओं के साथ काम कर रहे निजी संस्था के संयोजक कमलेश गुरूरानी कहते हैं कि जल संरक्षण के साथ ये महिलाएं पोषण को लेकर भी काम कर रही हैं। यही नहीं ये महिलाएं अपने घर के पास क्यरियों में पानी के टैंक बनाकर सब्जी भी उगा रही हैं। इससे उनकी आजीविका को मजबूती मिल रही है।