चंपावत में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक जवान की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है। पंचम वाहिनी का ये जवान मध्य प्रदेश का रहने वाला था।
चंपावत पुलिस के मुताबिक, पंचम वाहिनी से एक जवान की मौत की सूचना मिली। इसके बाद एसपी लोकेश्वर सिंह और कोतवाली पुलिस की ओर से मौके पर जाकर जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, जवान शराब पीने और ड्यूटी से गैरहाजिर रहने का आदि था और वो 26 नवंबर से वाहिनी से गायब था। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि जवान शराब के नशे में रात्रि में खेतों और जंगल के रास्ते छिपकर एसएसबी के कैंप में प्रवेश करने के बाद चार मंजिला इमारत में छिपने के लिये गया और इसी दौरान गिर कर उसकी मौत हो गई होगी।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने मामले का पता लगाने के लिये चार टीमों का गठन किया है। सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। मामले में फोरेसिंक विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है। जवान के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मृतक जवान विनोद पंवार पुत्र सुरेश पंवार मध्य प्रदेश के इछावर, जिला सिरोह का रहने वाला था और पंचम वाहिनी में तैनात था।

