UTU पेपर लीक मामले में देहरादून में विरोध मार्च निकालते कांग्रेस कार्यकर्ता।UTU में कथित प्रश्नपत्र लीक के विरोध में देहरादून में कांग्रेस ने विरोध मार्च निकाला और उच्च शिक्षा मंत्री धनसिंह रावत के इस्तीफे की मांग की।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बीच उत्तराखंड में भी प्रश्नपत्र लीक का मुद्दा गरमा गया है। वीर माधो सिंह उत्तराखंड प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय (UTU) में कथित प्रश्नपत्र लीक के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को देहरादून में जोरदार मार्च निकाला। पार्टी ने मामले की न्यायिक जांच कराने और राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री धनसिंह रावत के इस्तीफे की मांग की।

गणेश गोदियाल के नेतृत्व में निकला विरोध मार्च

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नंदा की चौकी क्षेत्र में एकत्र हुए और वहां से UTU की ओर मार्च शुरू किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और उच्च शिक्षा मंत्री धनसिंह रावत के खिलाफ नारेबाजी की। मार्च में प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत समेत कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।

गोदियाल ने कहा कि बार-बार हो रहे प्रश्नपत्र लीक युवाओं के भविष्य पर गंभीर चोट हैं और इससे परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों तथा भाजपा सरकारों की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। उन्होंने मामले की न्यायिक जांच और मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में अपना आंदोलन और तेज करेगी।

पुलिस ने रोका मार्च, कार्यकर्ताओं से हुई धक्का-मुक्की

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मार्च UTU के मुख्य द्वार से कुछ पहले ही रोक दिया गया। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर आगे बढ़ने से रोका, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कुछ देर धक्का-मुक्की हुई। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उच्च शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका। इस दौरान पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।

दो परीक्षाएं रद्द, सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार

हाल ही में UTU की सेमेस्टर परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक का मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय ने दो विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी थीं। मामले में प्रश्नपत्र तैयार करने वाले शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को प्रश्नपत्र व्हाट्सएप और आंतरिक पोर्टल के माध्यम से कुछ विद्यार्थियों के साथ साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *