उत्तर प्रदेश के कानपुर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार पार्टी के प्रत्याशी श्रीप्रकाश जायसवाल के समर्थन में रोड शो किया।
रोड शो के दौरान उन्होंने नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “ये एक मजबूत नहीं, बल्कि कमजोर सरकार है और प्रधानमंत्री भी कमजोर हैं।” सभा में मौजूद लोगों से प्रियंका ने पूछा कि क्या एक राष्ट्रवादी सरकार जनता को डराने की कोशिश करेगी।
प्रियंका गांधी ने कहा, “पीएम मोदी चाहते हैं कि उन पर कोई सवाल न उठाए, लेकिन क्यों? आप सभी जानते हैं कि इंदिरा जी ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनकी राजनीति सच्चाई और ईमानदारी की राजनीति थी, मैं उनके सामने कुछ भी नहीं हूं।”
कानपुर में कांग्रेस महासचिव श्रीमती @priyankagandhi का रोड-शो। pic.twitter.com/gwGG701QKB
— UP Congress (@INCUttarPradesh) April 19, 2019
प्रियंका ने कहा कि जनता अब जुमलों से ऊब चुकी है, और बदलाव चाहती है, जबकि ये सरकार सिर्फ झूठ बोलती है। उन्होंने कहा, “बीजेपी दिखावटी और प्रचार की सरकार है। कानपुर को स्मार्ट सिटी बना रहे थे, लेकिन कुछ नहीं हुआ। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा, वहीं किसान कर्ज तले दबकर आत्महत्या कर रहे हैं।”
प्रियंका का रोडशो घंटाघर से आगे बढ़ा तो लोगों ने छतों से उन पर फूल बरसाने शुरू कर दिए। नागेश्वर मंदिर देख गाड़ी से उतरकर प्रियंका ने हाथ जोड़े। इसके बाद रास्ते में मुस्लिमों ने उनको चादर भेंट की।

