72 साल के गहलोत तीसरी बार बनेंगे राजस्थान के सीएम, पायलट को डिप्टी सीएम पद से करना पड़ा संतोष
कांग्रेस पार्टी ने राजस्थान के लिए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर दिया है। अशोक गहलोत राजस्थान के मुख्यमंत्री होंगे। वहीं पार्टी ने सचिन पायलट को डिप्टी सीएम बनाने का फैसला किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के फैसले की औपचारिक घोषणा दिल्ली के पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में के.सी.वेणुगोपाल ने की। वेणुगोपाल ने कहा, “राहुल गांधी ने अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री चुना है और सचिन पायलट उप मुख्यमंत्री होंगे।” वेणुगोपाल विधायक दल के नेता के चयन के लिए पर्यवेक्षक थे। ये घोषणा राहुल गांधी के निवास पर दोनों उम्मीदवारों गहलोत और पायलट की कांग्रेस अध्यक्ष के साथ घंटे भर से ज्यादा समय तक चली बैठक के बाद की गई।
खबरों के मुबातिक, राहुल गांधी ने पायलट को डिप्टी सीएम बनने के लिए गहलोत को सहमत किया। ऐसा कांग्रेस पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर गुर्जर समुदाय को ध्यान में रखते हुए शायद लिया है। गुर्जर समुदाय राजस्थान के प्रभावशाली समुदायों में से एक है और पायलट इसी समुदाय से आते हैं।
Rajasthan Chief Minister designate Ashok Gehlot and Deputy Chief Minister designate Sachin Pilot at AICC headquarters in Delhi pic.twitter.com/lwCnOcUayj
— ANI (@ANI) December 14, 2018
शुक्रवार को गहलोत और पायलट की दो दिनों में राहुल गांधी के साथ तीसरी बैठक थी। गहलोत और पायलट के समर्थको ने मुख्यमंत्री पद के लिए मजबूती के साथ दावा पेश किया था।
72 साल के अशोक गहलोत तीसरी बार राजस्थान के मुख्यमंत्री बनेंगे, जबकि 41 साल के सचिन पायलट राज्य में प्रशासक के रूप में अपनी शुरुआत करेंगे। सचिन पायलट ने अपना पहला विधानसभा चुनाव जीता है।
अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री के तौर पर चुने जाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने राजस्थान के लोगों को भरोसा दिया कि पार्टी अपने सभी प्रतिबद्धताओं को पूरा करेगी। इसमें किसानों के कर्ज माफ करने, युवाओं के लिए रोजगार सृजन व सुशासन की बात शामिल है। गहलतो ने कहा, “मेरे सहयोगी सचिन पायलट व अन्य भी साथ मिलकर राहुल गांधी के वादों व दृष्टिकोण को पूरा करेंगे।”
पायलट ने गहलोत को बधाई देते हुए कहा कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के चुनाव राष्ट्रीय राजनीति की दिशा बदलने वाले हैं। इनके नतीजों ने लोगों में आर्थिक विकास व सामाजिक सौहार्द की उम्मीद जगाई है।
दिल्ली से जयपुर पहुंचने के बाद अशोक गहलोत और सचिन पायलट समेत कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल कल्याण सिंह से मुलकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।
Rajasthan: CM designate Ashok Gehlot and Deputy CM designate Sachin Pilot meet Governor Kalyan Singh at the Governor's House in Jaipur. pic.twitter.com/VnDaPUamS7
— ANI (@ANI) December 14, 2018
राज्यपाल से मिलने के बाद मीडिया से बाद करते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि जयपुर में 17 दिसंबर को शपथग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें राहुल गांधी भी शामिल होंगे।