उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के सेवराई तहसील क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रेवतीपुर पश्चिमी में मंगलवार को लंबे समय तक सेवा देने वाली शिक्षिका ऊषा पांडेय की सेवानिवृत्ति पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में भावुक माहौल देखने को मिला, जहां शिक्षकों, छात्रों, कर्मचारियों और अभिभावकों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह से किया गया सम्मान
समारोह में ऊषा पांडेय को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके शिक्षा क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना की गई। प्रभारी प्रधानाध्यापक निरंजन शर्मा ने कहा कि ऊषा पांडेय ने अपने पूरे सेवाकाल में विद्यार्थियों को न केवल शिक्षा दी, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सहकर्मियों और छात्रों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम के दौरान कई शिक्षकों और छात्रों ने ऊषा पांडेय के साथ बिताए अपने अनुभव साझा किए। विद्यालय की शिक्षिकाएं रेनू विश्वकर्मा, नीति जायसवाल, मंजू सिंह और विद्यालय की रसोइयों ने भी उनसे जुड़ी स्मृतियां बताईं। शिक्षक नेता प्रवीण शुक्ल ने कहा कि एक शिक्षक की सेवानिवृत्ति कर्तव्यों की समाप्ति नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों के विस्तार का अवसर होती है। उन्होंने उनके मार्गदर्शन और योगदान की भी सराहना की।
आभार व्यक्त कर विदा हुईं ऊषा पांडेय
समारोह में उपस्थित शिक्षक नेता प्रवीण शुक्ल, प्रभारी प्रधानाध्यापक निरंजन शर्मा, वरिष्ठ शिक्षिका रेनू विश्वकर्मा, एआरपी सौरभ सिंह, अभिनव तिवारी, राजेश दूबे और राजेश गुप्ता सहित अन्य लोगों ने भी उनकी सेवाओं की प्रशंसा की। अंत में ऊषा पांडेय ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय उनके लिए दूसरे घर जैसा रहा है और वह आगे भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती रहेंगी। कार्यक्रम सादगीपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
(गाजीपुर से न्यूज़ नुक्कड़ के लिए इजहार खान की रिपोर्ट)

