साध्वी प्रज्ञा पर सवाल उठाने वालों से पीएम मोदी ने पूछे ये सवाल
देश में 5 चरणों में मतदान हो चुका है। अब सिर्फ दो चरणों में मतदान होना बाकी है। अगले चरण में भोपाल में मतदान होना है। यहां से बीजेपी की साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर हैं।
विपक्ष प्रज्ञा ठाकुर को प्रत्यशी बनाए जाने के बाद से ही सवाल उठा रहा है। अब साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को पीएम मोदी का साथ मिल गया है। झारखंड के चाईबासा में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने जहां एक तरफ भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राहुल को जोरदार तरीके से घेरा वहीं दूसरी ओर साध्वी प्रज्ञा सिंह की उम्मीदवारी पर सवाल खड़ा करने वालों पर भी निशाना साधा।
मोदी ने कहा, ”मैं पूछना चाहता हूं कि आये दिन जो मीडिया प्रज्ञा ठाकुर के बारे में छोटे-बड़े सभी बीजेपी नेताओं के पीछे डंडा लेकर पड़ जाता है वह आखिर कांग्रेस से जमानत पर घूम रहे उनके नेताओं और चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद तथा कोयला घोटाले में सजायाफ्ता मधु कोड़ा जैसे नेताओं के बारे में क्यों नहीं सवाल पूछता है?”
पीएम ने कहा कि सत्ता में आने के बाद से ही ना ही केंद्र और ना ही झारखंड में बीजेपी की सरकार पर किसी तरह के भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि बीजेपी की सरकार झारखंड को विकास के रास्ते पर ले जा रही है। जबकि कांग्रेस ने यहां भ्रष्टाचार की नदियां बहा दी थी।