उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के सेवराई तहसील क्षेत्र में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक मोहम्मद सैफ खान को गुरुवार को उनके पैतृक गांव उसिया में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।फोटो: न्यूज़ नुक्कड़

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के सेवराई तहसील क्षेत्र में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक मोहम्मद सैफ खान को गुरुवार को उनके पैतृक गांव उसिया में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।

सैफ के जनाजे में हजारों लोग उमड़े। जब उनके घर से उनका जनाजा निकला तो पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। महज 35 साल की उम्र में सैफ इस दुनिया-ए-फानी को अलविदा कह गए और अपने पीछे रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए। उनकी शादी को अभी सिर्फ पांच साल ही हुए थे। उनकी ढाई साल की बेटी सनाया है।

दो बाइकों की भिड़ंत में गई जान

मंगलवार देर रात दिलदारनगर-भदौरा नहर मार्ग पर उसीया गांव के मिनी स्टेडियम के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में उसीया गांव निवासी मोहम्मद सैफ खान (35) और हसनपुरा गांव निवासी अवधेश राम (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सैफ खान अपनी बाइक से भदौरा की ओर जा रहे थे, जबकि अवधेश राम भदौरा से दिलदारनगर लौट रहे थे। मिनी स्टेडियम से पूरब बसवाड़ के पास दोनों बाइकों की इतनी जोरदार भिड़ंत हुई कि दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान सैफ खान ने तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अवधेश राम को सीएचसी भदौरा भेजा गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। वहीं, ग्रामीणों ने सैफ खान को दिलदारनगर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

परिजनों और ग्रामीणों में गहरा शोक

सैफ खान दिलदारनगर बाजार में एक जिम चलाते थे। वे अपने मिलनसार स्वभाव के लिए इलाके में जाने जाते थे। उनकी असामयिक मृत्यु की खबर से पूरा गांव गमगीन है।

गुरुवार को जब उनका जनाजा निकला, तो हर आंख नम थी। परिजनों का कहना है कि सैफ परिवार का सहारा थे, और उनके जाने से पूरा परिवार टूट गया है।

(न्यूज़ नुक्कड़ के लिए गाजीपुर से इजहार खान की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *